- Hindi News
- दो बसों में कंडक्टर ने किराया लेकर 16 यात्रियों को नहीं दिया टिकट
दो बसों में कंडक्टर ने किराया लेकर 16 यात्रियों को नहीं दिया टिकट
जोधपुर | रोडवेजके जोधपुर डिपो की ओसियां-जोधपुर और जोधपुर-ओलादन एक्सप्रेस बस में 16 यात्रियों से किराया लेने के बाद भी टिकट नहीं देने पर चैकिंग दल ने कंडक्टर की बुक में रिमार्क लगाया। इन बसों के दोनों कंडक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
डिपो के मुख्य प्रबंधक मदनलाल चौधरी ने बताया कि एटीआई प्रवेश बोराणा, नैनाराम और बीसी सुगनसिंह की टीम ने बसों का आकस्मिक निरीक्षण किया। पहली बस ओसियां-जोधपुर में तिंवरी के पास चैक किया तो नौ यात्री बिना टिकट मिले। यात्रियों ने चैकिंग दल को बताया कि कंडक्टर ने किराया तो ले लिया, मगर टिकट नहीं दिया। चैकिंग दल ने कंडक्टर राजेंद्रसिंह की बुक में रिमार्क लगाया। दूसरी बस जोधपुर-ओलादन वाया खेजड़ला को चैक किया। इस बस में 7 यात्री बिना टिकट मिले। यहां भी यात्रियों से किराया तो ले लिया मगर टिकट नहीं दिया। चैकिंग दल ने कंडक्टर श्रवणसिंह की बुक में भी रिमार्क लगाया। चौधरी ने बताया कि दोनों कंडक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।