जोधपुर. पूर्व सैनिक भले ही सेवानिवृत हो गए, लेकिन उनका देश सेवा का अनुभव कभी सेवानिवृत नहीं होता। उनको अपने अनुभव का देश एवं समाज की सेवा में लगा देना चाहिए। ये विचार शनिवार को मेजर जनरल एसएस जाखड़ ने सेतरावा में आयोजित पूर्व सैनिक रैली को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जाखड़ ने यहां पूर्व सैनिकों और शहीदों की विरांगनाओं की समस्याओं का तत्परता से निस्तारण का भरोसा भी दिलाया।
कोणार्क कोर की ओर से भूतपूर्व सैनिकों और शहीदों की विरांगनाओं की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए दो दिवसीय रैली के उद्घाटन समारोह में जोधपुर जिले सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों उनके परिवार के लोगों ने शिरकत की। इस दौरान ब्रिगेडियर एनएस राजपुरोहित, विपुल सिंघल सहित कई अन्य सैन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया और रैली में आए लोगों की समस्याएं भी सुनी।
ये भी थे मौजूद
कार्यक्रम में मेजर जनरल आफताब चौधरी, रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष ओझा, ब्रिगेडियर एन एम चौधरी, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर एन एम सिंघवी, लेफ्टिनेंट कर्नल वीके चिकारा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जीएस भाटी के साथ कर्नल उदयसिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी चुनाराम विश्नोई, बालेसर तहसीलदार श्याम सुंदरसिंह चांदावत, भू निरीक्षक महेश कुमार शर्मा, पुखराज मेहरा, रिटायर्ड आनरेरी कैप्टन खीयाराम गेवा, पूर्व सैनिक परिषद के अध्यक्ष उगम सिंह धीरपुरा, मोहनसिंह राठौड़ सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
वीरांगनाओं विशेष योग्यजनों का किया सम्मान
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से मुख्य अतिथि मेजर जनरल जाखड़ ने 28 वीरांगनाओं को सहायता राशि, सेवा में रहते हुए घायल हुए विशेष योग्यजनों को 9 स्कूटर और 6 पूर्व सैनिकोंं को गैलेंट्री अवार्ड दिया गया। जाखड़ ने यहां पहुंची विरांगनाओं शहीदों के वृद्ध परिजनों से उनके भरण-पोषण सहित परिवार की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
पूर्व सैनिको के लिए लगाई विभिन्न स्टाल
पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित इस रैली में कोणार्क कोर की ओर से पेंशन संबंधी अनियमितताओं के निवारण के लिए पेंशन सेल, सैन्य अस्पताल द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर, पुनर्वास, ईसी, सीएसडी स्मार्ट कार्ड, जिला सैनिक बोर्ड आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट से संबंधित स्टॉल भी लगाई गई।