- Hindi News
- पाली में लुटेरों ने जेवरात व्यापारी को गोली मारी, मौत
पाली में लुटेरों ने जेवरात व्यापारी को गोली मारी, मौत
शहरके साेमनाथ मंदिर के समीप मंगलवार रात करीब 9.45 बजे बाइक पर आए तीन लुटेरों ने एक जेवरात व्यापारी दीपक सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान वहां मौजूद बांगड़ कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कुलदीपसिंह कुंपावत तथा ऋषिपालसिंह कुंपावत ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर उन दोनों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद करवा दिए, जबकि कुंपावत बंधुओं के समर्थकों ने आरोपियों को पकड़ने की मांग पर सूरजपोल पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। देर रात तक आरोपियों के बारे में सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार सोमनाथ मंदिर क्षेत्र में सोने-चांदी के जेवरात का काम करने वाला दीपक सोनी (30) पुत्र घेवरचंद सोनी अपने यहां काम करने वाले सुरेश के साथ दुकान बंद कर कीमती जेवरात दो बैग में लेकर घर की तरफ जा रहा था। भटवाड़ा बास के समीप बाइक पर आए तीन लुटेरों ने उनके हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया तथा एक बैग ले लिया। दूसरा बैग लेते वक्त विरोध करने पर आरोपियों ने रिवाल्वर से फायरिंग कर दी, जिससे दीपक सोनी के सिर में गोली लगने से वह मौके पर ही गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनकर अपनी दुकान पर बैठे बांगड़ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीपसिंह कुंपावत ऋषिपालसिंह कुंपावत ने वहां पहुंचकर आरोपियों को दबोचने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने रिवाल्वर से इन दोनों पर भी गोलियां बरसाई, जिससे कुलदीपसिंह के जांघ तथा ऋषिपालसिंह कुंपावत के दायें कंधे से गोली आर-पार हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके फरार हो गए। मामले की जानकारी के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई। मौके से तीनों लोगों को बांगड़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक सोनी को मृत घोषित कर दिया, वहीं दोनों कुंपावत बंधुओं को जोधपुर रेफर किया है।
दुकानें बंद कराईं, जाम लगाया
घटनाके विरोध में थोड़ी देर बाद ही व्यापारियों ने पूरे शहर के बाजार बंद करवा दिए, वहीं कुंपावत बंधुओं के घायल होने के बाद उनके सैकड़ों समर्थक एनएसयूआई कार्यकर्ता बांगड़ अस्पताल में जमा हो गए। इसके बाद वे हंगामा करते हुए सूरजपोल चौराहे पर गए तथा पुलिस की लचर व्यवस्था आरोपियों को पकड़ने की मांग काे लेकर जाम लगा दिया। काफी देर समझाइश करने के बाद पुलिस ने इन लोगों को वहां से रवाना किया तथा जाम हटाया।