- Hindi News
- बोर्ड पाठ्यक्रम में समय पर हो बदलाव : चौधरी
बोर्ड पाठ्यक्रम में समय पर हो बदलाव : चौधरी
बारहवींदसवीं बोर्ड के पाठ्यक्रम में समय-समय पर आवश्यक बदलाव होना चाहिए। इसके लिए कमेटी बनाकर सरकार के दिशा-निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। ये बात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर के चेयरमैन बीएल चौधरी ने मंगलवार को राउमावि बिलाड़ा में चल रही बोर्ड की प्रायाैगिक परीक्षा के अवलोकन के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कही।
चेयरमैन चौधरी ने राउमावि में चल रही बोर्ड के प्रायौगिक परीक्षा का बारीकी से अवलोकन किया तथा संतुष्टि जाहिर की। शिक्षक संघ द्वारा बोर्ड चेयरमैन से शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षा के दाैरान ड्यूटी देने वाले वीक्षकों का मानदेय बढ़ाने समय पर मानदेय देने की भी मांग की। साथ ही स्कूलों में रिक्त पड़े पदों पर व्याख्याता लगाने की भी मांग की। इस पर बोर्ड चेयरमैन चौधरी ने उनकी मांगों पर विचार करने का विश्वास दिलाया। प्रायाैगिक परीक्षा के अवलोकन के बाद चेयरमैन ने आई माता मंदिर के दर्शन किए और मंदिर परिसर में बने संग्रहालय को भी देखा। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट द्वारा बोर्ड चेयरमैन का स्वागत किया गया। इसके बाद जगदंबा उच्च माध्यमिक स्कूल में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के शिक्षकों ने उनका साफा माला पहनाकर स्वागत किया तथा मोमेंटो भी प्रदान किया। बोर्ड चेयरमैन के साथ विरेंद्रसिंह शेखावत शैक्षिक प्रकोष्ठ अधिकारी माध्यमिक शिक्षा जोधपुर आईदानराम चौधरी संदर्भ व्यक्ति सर्वशिक्षा अभियान जोधपुर भी साथ में थे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भैरूसिंह सांदू, व्याख्याता नारायणसिंह चारण, राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के अध्यक्ष रूपाराम खोजा, पूर्व अध्यक्ष सहीराम विश्नोई, चेतनराम सियाग, भीयाराम बर्फा, चिमनसिंह सहित कई शिक्षाविद मौजूद थे।