जोधपुर। जोधपुर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख के पद पर भाजपा के गोपाराम विश्नोई को निर्विरोध चुन लिया गया है। कांग्रेस की ओर से इस पद के लिए एक नामांकन पत्र तो लिया था, लेकिन किसी ने भरा नहीं। विश्नोई ने दो नामांकन पत्र भरे थे, दोनों वैध पाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन भरने के निर्धारित समय सुबह 11 बजे तक अन्य किसी सदस्य द्वारा नामांकन नहीं भरने पर गोपाराम विश्नोई को निर्विरोध उप जिला प्रमुख घोषित कर दिया। उन्हें उप जिला प्रमुख पद की शपथ दोपहर एक बजे दिलाई गई। इसके साथ ही विश्नोई को पुष्पहार पहना कर बधाई दी गई।
न जुलूस निकाला, न कार्यकर्ताओं की भीड़
उप जिला प्रमुख विश्नोई के साथ केंद्रीय वूल बोर्ड के चेयरमैन जसवंत सिंह विश्नोई, सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत, फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई और नव निर्वाचित जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी मौजूद थे। विश्नोई के उप जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद न तो जुलूस निकाला गया और न ही कोई भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं की कोई भीड़ ही थी।
यूं चला घटना चक्र
एक घंटे में बन गए उप जिला प्रमुख
उप जिला प्रमुख के लिए गोपाराम विश्नोई, पूर्व सांसद जसवंत सिंह विश्नोई, विधायक पब्बाराम विश्नोई, जिला प्रमुख पूनाराम विश्नोई के साथ सुबह 10.10 बजे आए । उन्होंने 10.15 बजे दो कॉपी में नामांकन दाखिल किया। इसके बाद 11.10 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ प्रीतम बी. यशवंत ने विश्नोई को निर्विरोध उप प्रमुख निर्वाचन की घोषणा की।
10वीं तक पढ़े गोपाराम पेशे से किसान हैं
गुड़ा विश्नोइया निवासी पांच बच्चों के पिता एवं दसवीं पास गोपाराम विश्नोई पेशे से किसान हैं। उनके पास 29.15 बीघा कृषि भूमि है। पास में 25 हजार रुपए नकद है, जबकि उनकी पत्नी के पास 10 तौला सोने के आभूषण और 50 तौला चांदी है। उनके नाम न रहने के लिए कोई मकान है और न ही कोई गाड़ी।
उप जिला प्रमुख बनते ही बोले-
प्रधानमंत्री ग्राम विकास योजना से करेंगे विकास | नव निर्वाचित उप जिला प्रमुख गोपाराम विश्नाेई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम विकास योजना के तहत गांवों का विकास करेंगे। जिला परिषद की बैठक में प्रमुख पूनाराम चौधरी और सदस्यों की राय पर विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी।