- Hindi News
- पशुपालकों ने जेडीए चेयरमैन से मांगे बड़ी साइज के प्लाॅट
पशुपालकों ने जेडीए चेयरमैन से मांगे बड़ी साइज के प्लाॅट
बड़लीमें प्रस्तावित गोकुलधाम योजना में पशुपालकों के शिफ्ट होने में दिलचस्पी नहीं दिखाने को लेकर सोमवार को जेडीए चेयरमैन कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी. यशवंत ने पशुपालकों से वार्ता शुरू की। पहले दौर की वार्ता के दौरान पशुपालकों ने एक हजार वर्ग गज साइज के प्लॉट मांगने के साथ रिजर्व प्राइज कम करने का आग्रह किया। इस पर चेयरमैन ने मांगों पर विचार करने का भरोसा दिलाया। ये योजना गत नवंबर में लाॅन्च हो गई थी। बावजूद इसके अभी तक पशुपालक रूचि नहीं दिखा रहे।
वार्ता के दौरान पशुपालकों के प्रतिनिधियों का कहना था कि योजना की रिजर्व प्राइज 5,800 रुपए प्रति वर्ग गज काफी ज्यादा है। इस पर चेयरमैन ने कहा कि दरें कम करने या बढ़ाने का निर्णय सरकार के स्तर पर ही तय होता है। इस योजना की दरें भी राज्य सरकार ने तय की है। यहां कॉलोनी का विकास करवाने के लिए ये दरें ली जा रही हैं। इसके बाद पशुपालकों ने कहा कि ज्यादा पशु होने के कारण एक हजार वर्गगज साइज के प्लॉट दिए जाएं। चेयरमैन ने कहा कि सर्वे के अनुसार सभी पशुपालकों को भूखंड दिए जाने हैं। इसके बाद अगले दो-तीन दिन में दूसरे दौरे की वार्ता करने पर सहमति बनी।
दो बार लॉटरी फ्लॉप
गत19 नवंबर को इसकी पहली लॉटरी में 32 आवेदक होने के कारण इतने ही भूखंडों का आवंटन किया गया। इसके बाद तीन आवेदकों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। जबकि नगर निगम की ओर से सर्वे करने के बाद सौंपी गई सूची में 259 पशुपालक शामिल हैं। इनमें से 32 को भूखंड आवंटित किए जा चुके, शेष 227 को भूखंड आवंटित किए जाने हैं।