जोधपुर. कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में विशिष्ट पंजीकरण योजना के तहत तैयार फ्लैट में लोग रहने जरूर लग गए हैं, लेकिन यहां पेयजल के साथ दूसरी सुविधाएं नहीं हैं। सुविधाओं की कमी को लेकर आवंटियों ने उपभोक्ता मंच से राहत की गुहार की है। दूसरी ओर हाउसिंग बोर्ड ने मंच में प्रस्तुत वाद के जवाब में यहां पेयजल सहित सभी सुविधाएं देने का दावा किया है, जबकि मौके पर कई काम अभी चल रहे हैं। गौरतलब है कि कुड़ी के आठवें सेक्टर में आवासीय योजना में चार साल पहले 384 फ्लैट के लिए आवेदन मांगे गए थे। वर्ष 2014 में फ्लैट का निर्माण कार्य पूरा होने पर संपूर्ण राशि जमा करवाने वालों को पजेशन देने का काम शुरू किया गया। इसमें 150 लोगों ने पजेशन लिया।
एक आवंटी लोकेश जांगिड़ ने उपभोक्ता मंच में एक सप्ताह पूर्व वाद प्रस्तुत कर बताया कि हाउसिंग बोर्ड की लापरवाही का नतीजा है कि फ्लैट में रहने वालों के लिए पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। पजेशन देने की शर्त के अनुसार किसी तरह के प्रबंध नहीं हैं। भूतल पर फ्लैट का चार्ज करीब 13 लाख लेने के साथ सर्विस टैक्स के रूप में 19 हजार 433 रुपए अलग से लिए गए हैं। इसके बावजूद सुविधाएं नहीं दी जा रही। पजेशन देते समय सभी सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन दी नहीं।
हाउसिंग बोर्ड ने गिना दी सभी सुविधाएं| हाउसिंगबोर्ड के आवासीय अभियंता एके भाटी ने विभाग की ओर से वाद का जवाब प्रस्तुत कर कहा कि प्रार्थी को निजी तौर पर सुविधाएं दे दी गई हैं।
टैंक का निर्माण अधूरा, सड़कें भी अभी तक खुदी पड़ी हैं
हाउसिंगबोर्ड सुविधाओं के कार्य मंथर गति से करवा रहा है। आवंटियों की शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही। पेयजल के लिए टंकी का निर्माण जारी है। मौके पर सड़कें खुदी पड़ी हैं। पानी के पाइप डालने का कार्य भी अभी शुरू हुआ है। बिजली की लाइनों से जुड़े सर्किट चालू हैं, लेकिन तार जगह-जगह लटक रहे हैं।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें