पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नए मास्टर प्लान पर दर्ज आठ सौ आपत्तियों पर सुनवाई आज से

नए मास्टर प्लान पर दर्ज आठ सौ आपत्तियों पर सुनवाई आज से

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. शहर के नए मास्टर डवलपमेंट प्लान 2031 को लेकर गत 29 अगस्त तक दर्ज की गई 800 आपत्तियाें पर जेडीए में बुधवार से सुनवाई शुरू होगी। रोजाना पचास शिकायतकर्ताओं को सुनवाई के लिए अपराह्न चार बजे बुलाया जाएगा। यह सुनवाई शाम छह बजे तक चलेगी। लगातार 16 दिन में इन आपत्तियों पर सुनवाई पूरी हो सकेगी।
सुनवाई पूरी होने के बाद जेडीए आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी आपत्तियों की जांच करेगी तथा सही पाए जाने पर उन्हें जेडीए कार्यकारी समिति की बैठक में रखा जाएगा। वहां अनुमोदन होने के बाद जेडीए बोर्ड की बैठक में चर्चा कर मास्टर प्लान पारित किया जाएगा। इस प्रकिया में एक माह से ज्यादा का समय लगेगा। इससे पहले 29 सितंबर, 2013 तक दर्ज की गई 342 आपत्तियों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है।

सरकारी विभागों की आपत्तियां सुनी: जेडीए ने मास्टर प्लान लागू करने के लिए गत 2 सितंबर को केंद्र सरकार तथा 9 सितंबर को राज्य सरकार के सरकारी विभागों के एचओडी को बुलाकर सुनवाई की। उनसे भविष्य की जरूरतों के बारे में पूछा गया। इसमें सेना, एयरफोर्स, अर्द्ध सैनिक बल, आफरी सहित कई विभागों ने जमीनों की जरूरत बताई। वहीं राज्य के विभागों ने भी भविष्य की जरूरतों के हिसाब से शहर के आसपास जमीन रिजर्व रखने की गुजारिश की।

लोगों को एसएमएस से सूचना: सुनवाई के लिए शिकायत दर्ज कराने वालों को इस बार टोकन नंबर दिए गए हैं। जेडीए के निदेशक (आयोजना) अनिल माथुर ने बताया कि प्रत्येक दिन के अनुसार जेडीए की साइट पर सूची डाली गई है। शिकायतकर्ता को एसएमएस कर सूचित किया जा रहा है।