जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल में इमरजेंसी मेडिसिन यूनिट इसी माह शुरू होगी। इससे मरीजों के लिए अतिरिक्त आईसीयू सेमी आईसीयू मिल जाएगा। साथ ही इसके शुरू होने पर इमरजेंसी में हर समय डॉक्टर भी मिलेंगे। इस यूनिट के लिए करीब एक करोड़ रुपए की लागत से भवन बन कर तैयार है। इसमें एक करोड़ की लागत के जीवनरक्षक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। जल्द ही इसका उदघाटन होगा। इसके बाद मेडिसिन से जुड़ी गंभीर बीमारियों के रोगियों को जल्द उपचार मिलने लग जाएगा।
यह होगा फायदा
10 बेड का आईसीयू और 12 बेड का सेमी आईसीयू बनकर तैयार, हर समय मिलेगा डॉक्टर
अभी ऐसे मरीजों काे ट्रोमा सेंटर से सीसीयू या मेडिकल वार्ड में भेजा जाता है। अब इनको वहां नहीं भेज कर इमरजेंसी मेडिसिन यूनिट में भेज दिया जाएगा। दूसरे दिन मेडिसिन यूनिट के डॉक्टर्स राउंड लेंगे और वहीं से उन्हें ऑपरेशन थिएटर या अन्य जगह भेजा जाएगा। अस्पताल में एक्यूट केयर मेडिकल आईसीयू की जगह अतिरिक्त आईसीयू सेमी आईसीयू मिलेगा।
यूनिट में शुरुआत में आपात स्थिति में हार्ट अटैक, कार्डियक, अस्थमा, पैरालाइसिस, ब्रेन हेमरेज, गुर्दा, इन्फेक्शन डिजीज, आंतों की समस्या, लिवर, निमोनिया के मरीजों को तत्काल उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्हें प्रोफेसर के राउंड लेने तक इसी यूनिट में ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। इसे रुटीन ओपीडी से फ्री रखा जाएगा। अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिकल ऑफिसर और सीनियर रेजिडेंट हमेशा उपस्थित रहेंगे। वहीं कॉल पर प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर उपलब्ध रहेंगे।