90 लाख की शराब पकड़ी
बालेसर/बाप|ग्रामीण पुलिसने मंगलवार को बालेसर और बाप थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तकरीबन 90 लाख रुपए कीमत की अंग्रेजी शराब जब्त की है। भाटेलाई पुरोहितान के पास हनुमान सागर विश्नोइयों की ढाणी के पास एक ट्रक में अंग्रेजी शराब के 401 कार्टन मिले। अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इसी तरह दूसरी कार्रवाई बाप पुलिस ने की। हिसार से आए ट्रक में अंग्रेजी शराब से भरी पेटियां मिलने पर पुलिस ने ट्रक चालक बाड़मेर के बछाउड़ा निवासी लूंबाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। ड्राइवर नेे पुलिस को ट्रक में चावल भरे होने बताया, लेकिन तलाशी के दौरान 1025 कार्टन शराब बरामद हुई। पूछताछ में चालक ने बाड़मेर के कवास निवासी प्रेमसिंह जाट द्वारा ट्रक को बाइक से एस्कॉर्ट करने के बारे में बताया। तब तक प्रेमसिंह भी बाइक लेकर वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
हाईवेपर रिटायर्ड डीटीओ की कार लूटी
सांडेराव (पाली)|सांडेराव थानाक्षेत्र में बिरामी गांव के टोल नाका के निकट मंगलवार देर शाम को बदमाश इनोवा कार लूटकर भाग गए, जिसमें नकदी, जेवरात मोबाइल भी था। यह कार सुमेरपुर निवासी रिटायर्ड जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) सिकंदर खान पठान की है। घटना के वक्त पठान कार चला रहे थे, जिनके साथ उनकी बहन वृद्ध माता भी थी। ये तीनों लोग जोधपुर में रिश्तेदार से मिलकर सुमेरपुर लौट रहे थे। स्कार्पियो में आए बदमाशों की संख्या चार थी, जिन्होंने पीछा करते हुए तीन बार इनोवा कार को टक्कर भी मारी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कराई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का पता नहीं लग पाया था। पुलिस के अनुसार सुमेरपुर निवासी रिटायर्ड डीटीओ सिकंदर खान पठान (65) हज यात्रा के सिलसिले में अपनी माता फिरोजा बानो बहन रजिया के साथ जोधपुर में रिश्तेदार से मिलकर मंगलवार शाम इनोवा कार से घर लौट रहे थे।