एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
भास्कर न्यूज. जोधपुर| एबीवीपीने विभिन्न परीक्षाओं भर्तियों में हुई अनियमितता के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। छात्रसंघ अध्यक्ष भोमसिंह राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अनियमितताओं के आरोपियों को बर्खास्त करने की मांग की। कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करने के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा तथा प्रदेश में हुई विभिन्न अनियमितताओं के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर उन्होंने आरपीएससी के चेयरमैन हबीब खान गोरान का पुतला भी जलाया। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि प्रदेश की आरपीएमटी परीक्षा में अनियमितताएं हुई हैं। इसके अलावा उन्होंने जेएनवीयू शिक्षक भर्ती में अनियमितताएं पीटीईटी और बीएसटीसी परीक्षाओं का सालों से हिसाब नहीं देने का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने इन सभी अनियमितताओं की जांच करवाने के साथ स्वास्थ्य विवि के कुलपति राजाबाबू पंवार परीक्षा नियंत्रक को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने जेएनवीयू शिक्षक भर्ती में अनियमितता के आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश मंत्री राजेश गुर्जर, प्रदेश सह मंत्री लोकेंद्र सिंह गुढ़ा, विधि संकाय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कला संकाय उपाध्यक्ष भवानी सिंह, महेंद्रसिंह राजपुरोहित, भूपेंद्रसिंह सांकड़ा, मूलसिंह, चंद्रवीरसिंह बड़ला नरेंद्रसिंह भाटी सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
एबीवीपी ने आरपीएससी चेयरमैन का पुतला जलाया।