जोधपुर | लूणीभगत की कोठी के बीच बिछाई गई नई लाइन और पुरानी लाइन की सिग्नल व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करने के बाद 25 सितंबर से इन दोनों स्टेशनों के बीच ट्रेनें क्रॉसिंग का इंतजार किए बिना आमने-सामने दौड़ सकेंगी। रेलवे ने इस कार्य के लिए कुछ पैसेंजर ट्रेन को 24 सितंबर तक लूणी जोधपुर के बीच आंशिक रद्द किया है।
लूणी-भगत की कोठी डबल लाइन का कार्य अब अंतिम चरण में है। नई लाइन पर सिग्नल व्यवस्था स्थापित करने के साथ पुरानी लाइन के सिग्नल को बदला जा रहा है। लूणी भगत की कोठी स्टेशन के बीच के स्टेशनों पर भी ट्रेन संचालन बोर्ड पर ट्रेनों के आमने-सामने चलाने के लिए व्यवस्था बदली जा रही है। यह कार्य 24 सितंबर की शाम तक पूरा हो जाएगा।
रेलवे के संरक्षा आयुक्त पहले ही डबल लाइन पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाने की अनुमति दे चुके हैं। सिग्नल व्यवस्था बदलने के साथ ही इस लाइन पर रेलवे 25 सितंबर से लूणी जोधपुर के बीच एक समय में दो ट्रेनों को रवाना होने आने की अनुमति दे सकता है। इससे यात्रियों को ट्रेनों की क्रॉसिंग के लिए बीच रास्ते के स्टेशनों पर अटकना नहीं पड़ेगा।