जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में अंशकालीन शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं होने से बाधित कक्षाओं से कोर्स अधूरा रहने को लेकर गुरुवार को भी स्टूडेंट्स ने छात्रसंघ अध्यक्ष भोमसिंह राठौड़ के नेतृत्व में आंदोलन किया। उन्होंने पहले एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज बंद करवाया फिर केंद्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स सुबह पहले एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने कॉलेज बंद करवाया। वे पैदल केंद्रीय कार्यालय पहुंचे तथा वहां नारेबाजी शुरू की। फिर मुख्य द्वार बंद कर वहीं सड़क पर बैठ गए। कुछ देर के बाद कुलपति प्रो. बीएस राजपुरोहित बाहर आए तथा स्टूडेंट्स से बात की। छात्रसंघ अध्यक्ष की मांग थी कि कक्षाएं शुरू नहीं होने की वजह से स्टूडेंट्स का कोर्स समय पर नहीं हो पाएगा।
इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित शिक्षकों से एक्सट्रा क्लासेज लगवा कर कोर्स पूरा करवाया जाए तथा शीघ्र ही अंशकालीन शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। इस पर कुलपति ने सहमति जताई। कुलपति ने यह भी आश्वासन दिया कि वे संकाय हॉस्टलों का दौरा करेंगे तथा जो भी समस्याएं होंगी उन्हें समाप्त करने की कोशिश करेंगे।
कुलपति के आश्वासन के बाद स्टूडेंट्स ने आंदोलन समाप्त किया। इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रविंद्रसिंह राणावत, एबीवीपी के प्रदेश मंत्री राजेश गुर्जर, लोकेंद्र सिंह गुढ़ा, चंद्रवीरसिंह बड़ला, नरेंद्रसिंह भाटी, एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, वाणिज्य संकाय के उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, कला संकाय उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमेश बालन, विधि संकाय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे।
(इंजीनियरिंग छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान टायर जला दिए)