- Hindi News
- साई सेंटर काे चैनपुरा में शिफ्ट करने की कवायद
साई सेंटर काे चैनपुरा में शिफ्ट करने की कवायद
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| जोधपुर.
बरकतुल्लाहस्टेडियम स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण सेंटर चैनपुरा में शिफ्ट हो सकता है,बशर्ते प्राधिकरण को वहां पर आवास, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके। चैनपुरा इनडोर स्टेडियम के एमओयू के सिलसिले में जोधपुर आए भारतीय खेल प्राधिकरण के निदेशक आरके नायडू ने सोमवार को भास्कर को बताया कि इनडोर स्टेडियम का एमआेयू करना पहली प्राथमिकता है। एमआेयू होने से इस स्टेडियम के लिए शेष डेढ़ करोड़ रुपए की किश्त जारी हो सकेगी। केंद्र सरकार की योजना के तहत छह करोड़ में से इस स्टेडियम के लिए 4.50 करोड़ दिए जा चुके हैं। यह एमआेयू मंगलवार को जयपुर में राज्य सरकार और साई के बीच होगा। इसके तहत इनडोर स्टेडियम में साई भी अपनी गतिविधियों चला सकेगा। उन्होंने कहा कि शेष राशि से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फ्लोरिंग और लाइट्स का काम पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चैनुपरा के कॉलेज को शिफ्ट कर दिया जाए तो वहां के कमरे साई सेंटर के लिए उपयोग में लिए जा सकते हैं। साथ ही स्कूल में पड़ी जमीन हाॅस्टल के लिए मिल जाए तो छात्रावास भवन बनाया जा सकता है। साथ ही अमृतलाल गहलोत स्टेडियम का एथलेटिक ट्रैक भी काम में लिया जा सकता है।
फिलहालबरकतुल्लाह स्टेडियम में ही रहेगा सेंटर
उन्होंनेकहा कि फिलहाल बरकतुल्लाह स्टेडियम में ही साई सेंटर संचालित होता रहेगा। यहां एथलेटिक्स, बास्केटबॉल,वालीबाल, हैंडबॉल के प्रशिक्षण केंद्र के साथ ही जिम्नास्टिक और क्रिकेट के प्रशिक्षक लगे हुए हैं। नायडू ने सेंटर के खिलाड़ियों को बरकतुल्लाह स्टेडियम में अभ्यास करने की अनुमति के सिलसिले में कलेक्टर और जोधपुर विकास प्राधिकरण के चेयरमैन यशवंत बी. प्रीतम से मुलाकात की। आरसीए और जेडीए के बीच बरकतुल्लाह स्टेडियम के एमओयू की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए फिलहाल खेल गतिविधियां स्टेडियम के बाहर ही चलेंगी।