(चार्जशीट पेश करने के दौरान कोर्ट लाए आतंकियों के चेहरे पर पूरे समय मुस्कान छाई रही)
जोधपुर. इंडियन मुजाहिदीन आतंकियों इनके स्लीपर सेल ने राजस्थान मॉड्यूल बनाना शुरु किया तो हर गतिविधि के लिए जोधपुर को केंद्र बना लिया था। आतंकियों ने यहां से देश में आतंकी हमलों की प्लानिंग, बम बनाने की प्रैक्टिस, रैकी और विदेशी पर्यटकों पर हमले की साजिश प्रयास का सिलसिला चला दिया। राजस्थान एटीएस की ओर से इंडियन मुजाहिदीन के 10 आतंकियों के खिलाफ गुरुवार को पेश चार्जशीट में इस सहित कई तथ्य शामिल किए गए हैं।
जोधपुर को केंद्र बनाने के प्रति इनमें इतना भराेसा था कि मोहम्मद मारूफ ने जोधपुर को ही सबसे मुफीद समझा। पाक आतंकी रियाज भटकल को संदेह था, मगर मारूफ ने बताया कि यहां पुराने आतंकियों को शरण मिल चुकी है इसलिए विश्वास करें। फिर रियाज ने यहां स्लीपर सेल बना डाली। सेल के मार्फत उन्होंने आतंकी तहसीन अख्तर उर्फ मोनू को भी जोधपुर में छुपाया। जमीन तैयार करवाई जोधपुर के ही अशरफ ने। छह युवकों को भी शामिल किया। यहीं से सामग्री जुटा बम बनाने का अभ्यास शुरू किया। आगरा-दिल्ली से बॉर्डर तक की रैकी शुरू हो गई।