जोधपुर. राज्य सरकार ने उपभोक्ता वस्तुओं की गुणवत्ता जांचने और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए जिला स्तर पर गठित उपभोक्ता क्लब के माध्यम से कार्यक्रम प्रारंभ करने के लिए जिला रसद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जोधपुर में पहले से 30 क्लब गठित हैं इसमें पांच बढ़ाकर 35 क्लबों का समूह बनाया जाएगा।
उपभोक्ताओं की ओर से खरीदी जाने वाली खाद्य सामग्री जरूरत की वस्तुओं की गुणवत्ता उसके सही माप तथा उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए वर्षभर कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर क्लबों का गठन किया जाएगा।
स्कूलों और कॉलेजों के स्टूडेंट होंगे सदस्य
संभागीय उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी सुरेश पुरोहित ने बताया कि जोधपुर जिले में 35 क्लब होंगे जिसमें कॉलेज हाई स्कूलों के स्टूडेंट इसमें बतौर सदस्य होंगे। प्रिंसिपल सीनियर टीचर्स को क्लब का रिप्रजेंटेटिव बनाया जाएगा। विभागीय स्तर पर गोष्ठियां, वाद विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिताओं के साथ अन्य आयोजन कर सदस्यों काे प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण लेने के बाद सदस्य अपने परिवार मोहल्लों के लोगों को जानकारी देंगे। इन आयोजनों में साहित्य का वितरण कर लोगों को जागरूक करने का काम किया जाएगा।