पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घर में मिलावटी घी बनाने का कारखाना पकड़ा

घर में मिलावटी घी बनाने का कारखाना पकड़ा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. प्रताप नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को घी-तेल के होलसेल व्यापारी के घर पर दबिश देकर मिलावटी घी बनाने के कारखाने का खुलासा कर व्यापारी को गिरफ्तार किया। सीएमएचओ के साथ मिलकर की कार्रवाई में पुलिस ने घर से बड़ी मात्रा में मिलावटी घी बनाने का सामान, पैकिंग मशीन अन्य सामान जब्त किया। वहीं फूड इंस्पेक्टर ने आरोपी की सिवांची गेट स्थित दुकान से घी के नमूने लिए हैं।

एसीपी (प्रतापनगर) दुर्ग सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 3 बजे घर में नकली घी बनाने और बेचने की सूचना पर डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में सूरसागर थानाधिकारी मदन बेनीवाल, एसआई छत्तरसिंह, फूड इंस्पेक्टर रजनीश शर्मा के साथ पुलिस टीम ने प्रतापनगर के शांति नगर में आनंद पुत्र मुल्तानमल माहेश्वरी के मकान नंबर 24एफ पर दबिश दी।
वहां से मिलावटी घी बनाने के काम में लिए जाने वाले पाम ऑयल, कास्टिक सोडा, दो पैकिंग मशीन और विभिन्न ब्रांड के रैपर्स बरामद किए। पुलिस ने घर से मिलावटी घी के 8 टीन, एक मिलावटी घी की टंकी भी बरामद की है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने व्यापारी आनंद माहेश्वरी को गिरफ्तार कर लिया।

फूड इंस्पेक्टर ने लिए दुकान से घी के नमूने- पुलिसने बताया कि आरोपी कृष्णा ब्रांड के नाम से बड़ी मात्रा में मिलावटी घी बेचता था। आरोपी के घर से पुलिस को विभिन्न ब्रांड की पैकिंग का सामान भी मिला। शहर में मिलावटी घी का वह होलसेल विक्रेता है। कार्रवाई के बाद फूड इंस्पेक्टर रजनीश शर्मा ने आरोपी की सिवांची गेट स्थित आनंद ट्रेडर्स दुकान से कृष्णा, नोवा यश घी के नमूने लिए। मिलावट की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

प्रतापनगर स्थित मकान में नकली घी का कारखाना पकड़ा गया। वहीं टीम ने सिवांची गेट स्थित दुकान पर घी के सैंपल लिए।