- Hindi News
- एक बार फिर पंक्चर निकलवाते समय गाड़ी से बैग चोरी
एक बार फिर पंक्चर निकलवाते समय गाड़ी से बैग चोरी
भोपालगढ़से शहर में खरीदारी करने आए एक व्यापारी का बुधवार को 9वीं पाल रोड पर बोलेरो से पंक्चर निकालते वक्त गाड़ी से बैग चोरी हो गया। बैग में 22 हजार रुपए और दस्तावेज थे। गांवों से आए व्यापारियों की गाड़ियों से पंक्चर निकलवाने के दौरान बैग चोरी होने की यह पंद्रह दिन में तीसरी घटना है। पुलिस को अंदेशा है कि कोई चोर गिरोह सक्रिय है जो शहर में खरीदारी करने आने वालों का पीछा कर उनकी गाड़ियों को पंक्चर करने के बाद बैग आदि चुराने की वारदात को अंजाम दे रहा है। सरदारपुरा पुलिस ने बताया कि भोपालगढ़ बस स्टैंड के पास रहने वाले व्यापारी महावीरचंद पुत्र जंवरीलाल जैन बुधवार दोपहर 1 बजे अपने रिश्तेदार के साथ बोलेरो में जोधपुर खरीदारी करने आए थे। वे अपने परिचित को पांचवीं रोड पर पेमेंट कर 9वीं पाल रोड से गुजर रहे थे कि उनकी बोलेरो पंक्चर हो गई। इस पर बैग गाड़ी में रख कर वे और उनका रिश्तेदार पंक्चर निकलवाने लग गए। कुछ देर बाद गाड़ी में देखा तो बैग चोरी हो चुका था। बैग में 22 हजार की नकदी और दस्तावेज थे। सरदारपुरा पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही है।
ग्रामीणव्यापारी बन रहे निशाना
बाड़मेरमें पादरु के रहने वाले व्यापारी बख्तावरमल जैन (48) पुत्र मूलचंद जैन अपने ड्राइवर के साथ 15 सितंबर को जोधपुर में खरीदारी करने आए थे। उनका शनिश्चरजी का थान के पास वाली गली में बोलेरो का पंक्चर निकलवाते समय बोलेरो में रखा बैग चोरी हो गया। बैग में 2 लाख 78 हजार रुपए थे। इससे पहले प्रतापनगर थाना क्षेत्र में गत 2 सितंबर को नारवा जाखड़ों की ढाणी निवासी पदमाराम जाखड़ पुत्र बकताराम जाखड़ भी बोलेरो में वह अपने साथियों के साथ खरीदारी करने आए थे। ओएस मोटर्स की वर्कशॉप के बाहर बोलेरो खड़ी करने के बाद दुकान से वापस लौटे तो गाड़ी का टायर पंक्चर था। जहां पंक्चर निकालते वक्त गाड़ी से 1 लाख 25 हजार रुपए दस्तावेज से भरा बैग चोरी हो गया था।
तीनोंवारदात में तीन समानताएं
>गांवाें से खरीदारी को आए व्यापारियों के साथ वारदात।
> गाड़ी का पंक्चर निकलवाते समय बैग चोरी हुआ।
> लेनदारों को पेमेंट करने के बाद गाड़ियां पंक्चर।
गिरोहका हाथ हो सकता है सावधान रहें : एसीपी
प्रतापनगरथाने के एसीपी परमालसिंह गुर्जर का कहना है कि इनमें किसी गिरोह का हाथ हो सकता है। तीनों मामलों को जोड़कर जांच कर रहे हैं।