जोधपुर. पीडब्ल्यूडीने शहर में खुद के अधीन टूटी सड़कों की मरम्मत चालू कर दी है। दीपावली के पहले तक बारिश में क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की मरम्मत पूरी हो जाएगी। विभाग इन सड़कों की मरम्मत के पहले आैर बाद की वीडियोग्राफी करेगा। इसके आधार पर ही ठेका फर्म को भुगतान होगा। यह काम ठेका फर्म सुगणा कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है।
दैनिक भास्कर ने रविवार को ‘तीन महीने से बना रहे बजट का बहाना, पीडब्ल्यूडी मंत्री आए तो रातोरात सुधरी 254 किमी सड़कें’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर उजागर किया था कि मंत्री के दौरे को देख विभाग ने एक ही दिन में सारी औपचारिकताएं पूरी कर सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया, जबकि इससे पूर्व तीन महीने तक विभाग के अफसर सर्वे आपदा फंड आने के बाद ही टूटी सड़कों की मरम्मत की बात कर रहे थे।