जोधपुर. भदवासिया के गुलजार नगर स्थित संध्या शिक्षण संस्थान की 9वीं कक्षा की छात्रा पिंकी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में सोमवार को महामंदिर थाना पुलिस ने स्कूल के पीटीआई को गिरफ्तार कर लिया। पीटीआई पर आरोप है कि पिंकी ने जब सहपाठी छात्र से परेशान होकर उससे शिकायत की, तो उसने छात्र को कुछ कहने की बजाय पिंकी को दो-तीन थप्पड़ मारकर पिटाई कर दी। इससे परेशान होकर गुरुवार को पिंकी ने अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। वहीं दूसरी तरफ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एडीएम प्रथम को ज्ञापन सौंप आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की।
पिंकी के घर पर मिले सुसाइड नोट के आधार पर परिजनों ने पीटीआई उम्मेद सिंह, स्कूल संचालक मदनलाल सहपाठी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। सुसाइड नोट में पिंकी ने लिखा था कि सहपाठी छात्र उसे कुछ दिनों से परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत उसने स्कूल संचालक मदनलाल पीटीआई उम्मेदसिंह से की। इस पर पीटीआई ने छात्र को कुछ कहने की बजाय उसे ही थप्पड़ मार दिए। पुलिस ने जांच के बाद सोमवार को आरोपी पीटीआई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।