जोधपुर. नगर निगम शहर के सभी 65 वार्डों में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाएगा। इसको लेकर निगम स्तर पर तैयारियां को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई हैं। पांच दिवसीय इस सफाई अभियान में घर-घर कचरा संग्रहण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा, विशेषकर महिलाओं बच्चों को इस अभियान से जोड़कर उन्हें कचरा घर में एकत्रित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इधर, एक्सपर्ट सी. श्रीनिवासन उनकी टीम के सदस्य गीले सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के लिए शहर की निजी सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों को जानकारी देने के साथ कचरे की कीमत को भी समझा रही है।
शास्त्रीनगर सेक्टर डी जी के पॉश इलाके में शनिवार काे शहर विधायक कैलाश भंसाली की अगुवाई में डोर-टु-डोर वेस्ट कलेक्शन के लिए सीईआे हरिसिंह राठौड़ ने इसके लिए गठित समिति को बैटरी से चालित रिक्शा भेंट किया। इस अवसर पर बिजनेसमैन राजीव मूंदड़ा, डॉ गोपाल गांधी के अलावा समाजसेवी, अधिवक्ता सहित अन्य स्वयंसेवी संगठन के पदाधिकारी इन सेक्टरों में निवास करने वाले लोग उपस्थित थे। न्यू ग्लोबल सोसायटी फॉर ह्यूमन डवलपमेंट की अध्यक्ष वीणा भाटी ने बताया कि उनकी संस्था कचरा मुक्त बनाने के अभियान से जुड़ी है।