जोधपुर. रेखा और गजेंद्र माली वर्षों से अलग रह रहे हैं। उनके बेटे प्रिंस की एक अगस्त को तब करंट से मौत हो गई थी जब वह एक दुकान पर नमकीन लेने गया था। ऐसे में रेखा और गजेंद्र फिर आमने-सामने हुए। एक-दूसरे का दर्द बांटने की बजाय शव को लेने के लिए उनके बीच तनातनी हो गई। तब पुलिस ने शव रेखा के हवाले कर दिया था, मगर अब अस्थियों को लेकर खींचतान चल रही है।
मंडोर में बड़लेवाला बेरा फूलबाग हाल महामंदिर तीसरी पोल के पास रेखा रहती है। वह वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है। एक अगस्त को उसका बीस साल का बेटा प्रिंस महामंदिर दूसरी पाेल स्थित मिठाई की एक दुकान से नमकीन लेने गया था। वहां बिजली के पोल से करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी। तब शव लेने के लिए पति-पत्नी में तनातनी हो गई थी। दो अगस्त को पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव रेखा के हवाले कर दिया।
बाद में शव का नागौरी गेट रामबाग श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन पंचक लगने के कारण रेखा ने अस्थियां चौकीदार को सौंप दी और बाद में ले जाने की बात कही। अब इन अस्थियों को लेकर खींचतान चल रही है। इस संबंध में नागौरी गेट पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है।