जोधपुर. सिंगड़ की सरहद पर शनिवार सुबह चार बजे एक ट्रक ने बॉर्डर होमगार्ड के मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। इससे एक जवान की मौत हो गई जबकि 20 घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर है। उन्हें जोधपुर रेफर किया गया है। ये जवान झुंझुनूं में विधानसभा के उपचुनाव संपन्न करवाने जा रहे थे। भीषण टक्कर में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और जवानों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में जैसलमेर के सहाड़ी निवासी कांस्टेबल इंद्रा राम (50) पुत्र शेरा राम रावणा राजपूत की मौत हो गई। बाकी 20 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
यह हुए गंभीर घायल
हादसे में चंदन सिंह राजपूत, दकू राम मेघवाल, फतेह सिंह राजपूत, मिनी ट्रक का ड्राइवर नरपत सिंह राजपूत, कमांडो भंवर लाल भील चैन सिंह राजपूत गंभीर घायल हुए। इनको जाेधपुर रेफर कर दिया गया। वहां सभी आईसीयू में है।
93 मिनट बाद आई एंबुलेंस
जैसे ही टक्कर हुई डीजल से भरा एक ढोल इंद्रा राम के ऊपर गिरा। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे सबसे पहले नागौर राजकीय चिकित्सालय भी भेज दिया गया। नागौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर नर्सिंगकर्मियों ने इंद्रा राम को रेफर करने के ऑर्डर कर दिए। उसे ड्रिप चढ़ाकर लेटा दिया। वह बार बार कह रहा था कि वह मर रहा है, जल्दी एंबुलेंस बुलाओ, लेकिन एंबुलेंस डेढ़ घंटे देरी से पहुंची और इंद्रा राम ने दम तोड़ दिया।