- Hindi News
- उत्कर्ष की 12वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपए की सहायता
उत्कर्ष की 12वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपए की सहायता
उत्कर्षप्रतियोगी संस्थान की स्थापना के बारह वर्ष पूर्ण कर 13वें प्रवेश करने पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में संस्थान की संरक्षिका सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास, जोधपुर शहर विधायक कैलाश भंसाली, जोधपुर नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरिसिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी तथा जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कला संकाय के पूर्व अधिष्ठाता प्रो. ए.के. मलिक मौजूद थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्थान के निदेशक निर्मल गहलोत ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में उत्कर्ष संस्थान के शैक्षणिक कार्यों से इत्तर सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला साथ ही कश्मीर में बाढ़ से हुई त्रासदी तथा इस संदर्भ में एक आम भारतीय नागरिक की भावना को प्रदर्शित करते हुये उत्कर्ष संस्थान के दायित्व को रेखांकित किया। सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास ने इस अवसर पर सभी संस्थानों को उत्कर्ष से प्रेरणा लेते हुये कार्य करने का आह्वान किया। जोधपुर शहर विधायक कैलाश भंसाली ने उत्कर्ष संस्थान द्वारा प्रधानमंत्री राहत कोष में दिये एक लाख रुपये के योगदान को ‘निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व’ का सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए कश्मीर की पीड़ा में पूरा देश साथ होने की भावनाओं को प्रकट किया। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने उत्कर्ष के 12 वर्षों की सामाजिक-धार्मिक सेवा की यात्रा को अपने नाम के अनुरूप बतलाते हुये प्राकृतिक आपदाओं में इंसानी मदद को सबसे बड़ी सेवा बतलाया।
उत्कर्ष की वर्षगांठ पर निर्मल गहलोत ने संबोधित किया।