जोधपुर. शहर में इंडेन गैस एजेंसियों में बैकलॉग बढ़ने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर देरी से मिल रहा है। अाम तौर पर दो-तीन दिन में सप्लाई होती है, जबकि अभी इसमें 8 से 10 दिन लग रहे हैं। शहर में घरेलू गैस के करीब पौने चार लाख उपभोक्ता हैं। इनमें आधे से अधिक करीब सवा दो लाख उपभोक्ता इंडेन से जुड़े हैं।
बैकलॉग बढ़ने का सबसे कारण कंपनी के अजमेर प्लांट में तीन-चार दिन हड़ताल रहना है। शहरी क्षेत्र में इंडेन की गैस एजेंसियों को अजमेर प्लांट से ही सप्लाई मिलती है। प्लांट में हड़ताल रहने के कारण सप्लाई बाधित रही और मांग के अनुसार सिलेंडर नहीं मिले। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार 29 नवंबर से 4 दिसबंर तक एजेंसियों गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की कतारें लगी रहीं, लेकिन सप्लाई नहीं मिलने से कई लोगों को बगैर सिलेंडर लौटना पड़ा।
दूसरा कारण सर्दी में खपत बढ़ना भी है। उधर, रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी ओमप्रकाश पूनिया ने बताया कि आईओसी के स्थानीय जयपुर स्तर के अधिकारियों से बातचीत हुई है। दो-तीन दिन में सुधार के साथ बैकलॉग में कमी आने की संभावना है।