- Hindi News
- मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. भाट ने कहा पीडब्ल्यूडी की सोच 50 साल पुरानी, अफसर बोले उनकी सोच से ज्याद
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. भाट ने कहा- पीडब्ल्यूडी की सोच 50 साल पुरानी, अफसर बोले- उनकी सोच से ज्यादा कार्य करवाए
आगामी पांच साल की प्लानिंग मांगी
जोधपुर. डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य डॉ. अमिलाल भाट ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद उन्होंने विभागाध्यक्षों की बैठक ली जिसमें अस्पतालों में घटिया निर्माण कार्य का मुद्दा उठा। किसी ने टाइल्स लगने के चार दिन बाद ही उखड़ने, तो किसी ने वाशबेसिन से कुछ ही दिनों में पानी लीक होने की बात कही। प्राचार्य ने कहा कि पीडब्ल्यूडी स्टाफ की सोच 50 साल पुरानी है, हमें ही उनसे मॉड्यूलर वर्क करवाना होगा। उनके इस बयान पर भास्कर ने पीडब्ल्यूडी के एडिशनल चीफ इंजीनियर आरआर विश्नोई से बात की तो उन्होंने कहा कि विभाग नई से नई टेक्नोलॉजी अपना रहा है। वे प्रिंसिपल साहब की सोच से ज्यादा मॉडर्न वर्क मेडिकल कॉलेज में करवा चुके हैं, फिर भी वे अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र हैं। भास्कर ने जब खुद प्राचार्य से उनकी टिप्पणी के बारे में पूछा तो उनका कहना था कि यह तो उनकी मीटिंग के अंदर की बात है।
डॉ. भाट ने पहले ही दिन सभी एचओडी से मैनपावर की कमी दूर करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट्स के लायक डॉक्टरों के बारे में बताएं, वे जल्द नियुक्ति करवा देंगे। उन्होंने अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली, साथ ही आगामी पांच साल की प्लानिंग मांगी।
डॉ. भाट के कार्यभार संभालने के बाद आयोजित विभागाध्यक्षों की बैठक में उठा अस्पतालों में घटिया निर्माण कार्य का मुद्दा
यूरोलॉजी की ओपीडी में बैठेंगे प्राचार्य
डॉ.भाट ने कहा कि वे यूरोलॉजी की ओपीडी में बैठेंगे, लेकिन दिन वे तय करेंगे। साथ ही वे हर सोमवार काे एमडीएमएच स्थित यूरोलॉजी विभाग में बैठक भी करेंगे।
उम्मेदअस्पताल का दौरा| डॉ.भाट कार्यभार ग्रहण करने के बाद उम्मेद अस्पताल गए। उन्होंने अस्पताल का तीन घंटे तक सघन दौरा किया और तीन दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।