- Hindi News
- रेलवे पार्सल गोदाम से बिना बिल का माल सीज
रेलवे पार्सल गोदाम से बिना बिल का माल सीज
भास्कर न्यूज. जोधपुर. सेलटैक्स विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन स्थित गुड्स पार्सल गोदाम से शहर के पांच व्यवसायियों का बिना बिल का माल सीज किया है। इस पर विभाग ने 4.65 लाख की पेनल्टी वसूली है। वहीं गुजरात से आए टाइल्स के एक ट्रक को पकड़ कर 77 हजार रुपए पेनल्टी लगाई है। वाणिज्यिक कर उपायुक्त केएल जैन ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि दिल्ली से ट्रेन के एसएलआर कोच में दलालों की मिलीभगत से अवैध रूप से रेडिमेड, होजरी, प्लास्टिक गुड्स, ऑटो पार्ट्स इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान आया है। यह सारा सामान बिना बिल का है और इससे टैक्स चोरी हो रही है। इस पर सीटीओ लाखाराम के नेतृत्व में एसीटीओ भारतसिंह शेखावत और रामनिवास की टीम गठित कर भेजी गई। इस टीम ने रेलवे पार्सल गोदाम में आए गुड्स को सीज कर जांच की तो सूचना सही पाई गई। उपायुक्त ने बताया कि रेलवे पार्सल से सीज इस सामान पर 4 लाख 65 हजार पेनल्टी वसूली गई है। उपायुक्त ने बताया कि एसीटीओ शेखावत ने गुजरात के मोरवी से सीकर जा रहा टाइल्स से भरा ट्रक पकड़ कर चैक किया तो बिना बिल की टाइल्स पाई गई। इस पर 77 हजार रुपए पेनल्टी वसूली गई।