जोधपुर. विजया दशमी के दिन फतेहपोल से निकलने वाली रामजी की सवारी को लेकर बुलाई बैठक में गणमान्य लोगों ने महापौर रामेश्वर दाधीच से रावण दहन के दिन के पहले तक अवरुद्ध सीवरेज सही करने की मांग उठाई। इधर गुंदी का मोहल्ला चांद बावड़ी के लोगों ने भी स्पष्ट कर दिया है कि अगर सीवरेज तंत्र नहीं सुधारा तो रामजी की सवारी को रोकेंगे। इस मामले को महापौर ने गंभीरता से लेकर आयुक्त शहर सुखराम चौधरी को विजयादशमी के पहले तक सीवरेज सुधारने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नालियों की साफ-सफाई करवाने, बंद पड़ी लाइटें लगाने, ढीले बिजली के तारों को सही करवाने के अलावा अन्य व्यवस्थाएं भी सुधारने पर जोर दिया।
निगम सभागार में बुलाई बैठक में अखाड़ों के दलपति कार्यकर्ता के अलावा शहर आयुक्त मेला प्रभारी सुखराम चौधरी, पार्षद शुभलक्ष्मी पुरोहित, निसार अहमद, गीता भाटी, सुरेंद्र कंवर, अमिता त्रिवेदी, बेबी सामरिया फरजाना ने भी अपने सुझाव रखे। इसके अलावा माईदास थानवी, राज जोशी, हीरालाल जोशी आनंद भाटी ने रामजी की सवारी की तैयारियों को लेकर सुझाव दिए आैर महापौर से कहा कि वे इसके लिए अफसरों को पाबंद करें ताकि एक निश्चित समय सीमा तक काम पूरे हो सकें।
अखाड़ों के कार्यकर्ता आपस में उलझे : बैठक में गणमान्य लोगों ने फतेहपोल से रावण का चबूतरा मैदान तक आने वाले मंदिरों मस्जिदों को अनुदान की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। गत वर्ष ही अनुदान राशि में बढ़ोतरी की गई थी। इस प्रस्ताव पर महापौर गणमान्य लोगों में चर्चा चल ही रही थी कि एक अखाड़े के कार्यकर्ता ने मधुबन में चल रहे एक अखाड़े के फर्जी अनुदान लेने की शिकायत की। इस बात को लेकर अखाड़ों के कार्यकर्ता एक-दूसरे से उलझ गए। इनमें तीखी बहस हुई तो गणमान्य नागरिकों महापौर को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मौके पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला दलपतियों वाले अखाड़ों को भी शामिल करने पर जोर दिया गया।