जोधपुर. बनाड़ थाना पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को पकड़ा। पूछताछ के बाद उससे बाइक खरीदने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से चोरी की 4 बाइक बरामद की गई। एसीपी मंडोर जसवंत सिंह के नेतृत्व में बनाड़ थानाधिकारी हनुमान टीम के साथ शिकारगढ़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इस दौरान बिलाड़ा के रावर निवासी भानाराम पुत्र चौखाराम चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूमता पाया गया। उसे पकड़कर पूछताछ की, तो उसने कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पूछताछ में उसने रावर के ही रहने वाले मोतीलाल पुत्र भगवानराम को चोरी की बाइकें बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने मोतीलाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी कर तीन-चार हजार में बेच देते थे- पूछताछ में भानाराम ने बताया कि उसने गत माह बनाड़ थाना क्षेत्र में चार बाइक चुराई थी। इसके बाद दो बाइक मोतीलाल को तीन-चार हजार रुपए में बेच दी और दो बेचने की फिराक में था।