अफीम तस्कर दो दिन के रिमांड पर
मंडोर थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार तीनों अफीम तस्करों को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ निवासी श्योजीसिंह पुत्र कल्याणसिंह बुधवार को जोधपुर से नागौर जा रही रोडवेज की बस में ट्रांजिस्टर में अफीम का दूध छुपाकर ले जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने ओसियां फांटे के पास बस को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। ट्रांजिस्टर में 200 ग्राम अफीम का दूध मिलने पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। फिर उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके साथी शेरगढ़ चाबा निवासी शैतानसिंह पुत्र राजूसिंह फिटकासनी में सीवरों की ढाणी निवासी पप्पूराम पुत्र श्रीराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। तीनों से पूछताछ में तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।