- Hindi News
- हथियार तस्कर गिरफ्तार, 5 पिस्टल 40 कारतूस बरामद
हथियार तस्कर गिरफ्तार, 5 पिस्टल 40 कारतूस बरामद
जोधपुर | मध्यप्रदेशके धार जिले से आए अवैध हथियार गुरुवार को भीनमाल के खानपुर मोड़ पर पकड़े गए। एटीएस जोधपुर, कोटा जयपुर की टीम एमपी से इस हथियार तस्कर की टोह में थी और जैसे ही वह डिलीवरी के लिए भीनमाल पहुंचा, टीम ने उसे गिरफ्तार कर 5 पिस्टल और 40 कारतूस बरामद कर लिए। ये हथियार भीनमाल के ही हथियार सप्लायर नरपतसिंह को दिए जाने थे। एटीएस अब उसकी तलाश कर रही है। एटीएस-एसओजी के एडीजी आलोक त्रिपाठी ने बताया कि धार से अवैध हथियारों की डिलीवरी जालोर जिले के भीनमाल में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी विष्णुकांत ने जोधपुर, कोटा और जयपुर की जॉइंट टीम बनाई जो हथियार तस्कर के कोटा के रास्ते से जालोर पहुंचने की निगरानी कर रही थी। गुरुवार दोपहर सूचना में बताए हुलिए वाला व्यक्ति रोडवेज की बस से भीनमाल पहुंचा। जालोर के हथियार सप्लायर नरपतसिंह का आदमी छगनदास डिलीवरी लेने आया। जैसे ही दोनों मिले, एटीएस टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों झाड़ियों में भाग गए। पीछा करने के बाद एमपी से हथियार लेकर आया आसाराम उर्फ राज मौर्य पकड़ा गया। उसके थैले से 5 पिस्टल और 40 कारतूस बरामद किए। एटीएस ने भीनमाल में मुकदमा दर्ज करवा आसाराम को गिरफ्तार कर लिया।
उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता चला कि नरपतसिंह को गत दिसंबर में भी चार पिस्टल सप्लाई हुई थी।