(प्रदर्शन किए बगैर लौटते वकील)
जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन को हड़ताल जारी रखने के फैसले के तीसरे दिन ही बुधवार को हड़ताल स्थगित करनी पड़ी। जनरल हाउस की मीटिंग में मौजूद सभी वकीलों की सहमति के बाद अध्यक्ष ने इसकी घोषणा की। इससे पहले हाईकोर्ट मेनगेट के सामने प्रदर्शन के लिए गिने-चुने वकील ही एकत्र हुए। दूसरी ओर ज्यादातर वकील अदालतों में उपस्थित हुए। पुलिस ने भी पहले ही हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा कम कर दी।
तीन दिन में यूं बदली फिज़ां : जयपुर में रविवार को महाधिवक्ता वकीलों की ओर से मुख्य न्यायाधीश से मिले और मांगे मानने पर हड़ताल स्थगित करने पर माने। जोधपुर में हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने अगले दिन जनरल हाउस बुलाई। वहीं हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन ने मंगलवार से काम पर लौटने की घोषणा की। सोमवार को एडवोकेट्स एसोसिएशन ने जनरल हाउस में हड़ताल जारी रखने व प्रदर्शन का निर्णय लिया। वहीं लॉयर्स एसोसिएशन ने कहा कि हम काम पर लौटेंगे।
मंगलवार को लॉयर्स एसोसिएशन के वकील व सरकारी वकील सहित ज्यादातर वकील काम पर लौटे। एडवोकेट्स एसोसिएशन ने बहिष्कार किया। बुधवार को प्रदर्शन के लिए चंद वकील जुटने एवं जनरल हाउस में सभी के हड़ताल स्थगन के फैसले पर हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने यह फैसला किया।
अध्यक्ष बोले- आंदोलन ऐसे नहीं चलाए जाते
बाद में जनरल हाउस की मीटिंग में अध्यक्ष जोशी ने मौजूद वकीलों को प्रदर्शन में नहीं आने के लिए उलाहना दिया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले जनरल हाउस की मीटिंग में सभी ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय किया था। इस तरह आंदोलन नहीं किए जाते हैं। फिर उन्होंने हड़ताल स्थगित करने के संबंध में वकीलों से पूछा तो सभी वकीलों ने हाथ खड़े कर सहमति दी। इसके बाद अध्यक्ष ने मंच से हड़ताल स्थगित करने की औपचारिक घोषणा की।
नहीं जुटे वकील तो बिना प्रदर्शन किए लौटे
हाईकोर्ट व अन्य कोर्ट में बुधवार को अधिकांश वकील आए । जबकि एडवोकेट्स एसो. अध्यक्ष रणजीत जोशी व गिने-चुने वकील मेनगेट के सामने एकत्र हुए। काफी देर इंतजार के बाद संख्या नहीं बढऩे पर ये वकील भी गेट के सामने से हट गए।
आगे की स्लाइड्स में तस्वीरों में देखें वकील जमा हुए पर प्रदर्शन किए बगैर लौट गए