पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अगली बार रोमांटिक गाना शूट करने पेरिस-स्विट्जरलैंड नहीं, जोधपुर जाऊंगा: आमिर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. अगली बार रोमांटिक गाना शूट करने के लिए पेरिस या स्विट्जरलैंड नहीं जाऊंगा, बल्कि जोधपुर जाऊंगा। क्योंकि जोधपुर में नगर निगम के सहयोग से सफाई अभियान शुरू हो चुका है। आने वाले समय में जोधपुर जनभागीदारी से इतना स्वच्छ हो जाएगा कि लोग इसकी मिसाल देंगे। यह कहना है सिने स्टार आमिर खान का।
यू-ट्यूब पर स्टार प्लस पर प्रसारित सीरियल "सत्यमेव जयते' के एक एपिसोड का प्रमोशन एड इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें आमिर खान यह कहते नजर आते हैं कि कचरे से जंग का अभियान शुरू हो गया है, अब जोधपुर भी साफ-सुथरा होने जा रहा है। गौरतलब है कि कचरे से शहर को मुक्ति दिलाने और इसका बेहतर उपयोग करने के लिए "स्वच्छ जोधपुर स्वस्थ जोधपुर' अभियान शुरू हो गया है। अभियान की औपचारिक शुरुआत 15 अगस्त को जोधपुर में खुद आमिर खान कर चुके हैं। इस अभियान को लेकर आमजन की भागीदारी कैसे होगी, इसको लेकर भास्कर ने पड़ताल की तो यह बात सामने आई कि घर का हर छोटा-बड़ा अपनी जिम्मेदारी समझेगा तो अभियान सफल हो सकता है।
कचरा कैसे हो सकता है सोना
जोधपुर में कचरे से 75 लाख रुपए प्रतिदिन कमाए जा सकते हैं। प्लास्टिक की बोतलों से 50 लाख रु व अन्य से 15-25 लाख की कमाई संभव
गोबर गैस बनाएं तो हर महीने कमा सकते हैं 50 लाख, वर्मी कंपोस्ट से 5-7 लाख रुपए ।
आज इन इलाकों में सफाई
सोजती गेट इलाके में , बीएसएफ कैंपस, रोडवेज बस स्टैंड, चौहाबो 14 सेक्टर को एसेंट स्कूल के बच्चे साफ करेंगे
निगम का अभियान : सूरसागर विस के वार्ड संख्या 3, 10, 11, शहर विस के वार्ड 39, 40 व सरदारपुरा विस के वार्ड 46, 48 व 49 में अभियान।
आमिर ने किस उम्मीद से ये कहा-
सफाई के उस मॉडल की सफलता की आशा में जिसका उन्होंने जोधपुर में फ्लैग आॅफ किया था
...लेकिन इसके लिए क्या करना पड़ेगा
घर का मुखिया - परिवार और माेहल्ले को कचरा संग्रहण की महत्ता समझाए
शहर में कुल दो लाख परिवारों में से 70 हजार से ज्यादा तो संयुक्त परिवार ही हैं। ऐसे में इन परिवारों के मुखिया की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह कचरे को लेकर परिवार और घर के सदस्यों व मोहल्ले के लोगों को समझाए कि अलग-अलग डिब्बों में गीला और सूखा कचरा संग्रहित करें।
घर में ही सही सेग्रिग्रेशन करे, बच्चों की भी आदत डाले
कचरा संग्रहण अभियान की असली सफलता महिलाओं पर ही निर्भर है। प्रतिदिन शहर से 250 मीट्रिक टन कचरा निकलता है, लेकिन यह कचरा या तो रोड से उठाया जाता है या घरों के बाहर से। ऐसे में गृहिणियां घर में कचरे के लिए दो डिब्बे रखें। हरे रंग के डिब्बे में सूखा और लाल डिब्बे में गीला कचरा डालें।
स्कूलों-कॉलेजों में रैली निकाले
शहर में करीब चार लाख युवा हैं। रैलियों के माध्यम से ग्रुप बनाकर जागरूकता पैदा कर सकते हैं, रैलियों के माध्यम से समाज काे जगाया जा सकता है। 152 प्रकार के वेस्ट सेग्रिगेशन के लिए युवाओं की जरूरत पड़ेगी।
रात को कचरे के पैकेट्स बाहर रखे
शहर में 60 हजार दुकानें और शोरूम मॉल हैं। इनसे प्रतिदिन पचास टन सूखा कचरा निकलता है। अगर यह तय कर लें कि दुकान का कचरा बाहर फेंकने के बजाय कचरे के पैकेट्स बनाकर बाहर रखें।
वेस्ट कलेक्शन को डंपिंग स्टेशन भेजे
निगम शहर के सभी 65 वार्डों में एनजीओ, स्वयंसेवी संस्थाओं और मोहल्ला विकास समिति के सहयोग से अभियान चलाए। हर मोहल्ले में ई-रिक्शा पहुंचे, यह सुनिश्चित करे। संग्रहित होने वाले कचरे को डंपिंग स्टेशन तक पहुंचाए।
अगर आप स्वच्छ जोधपुर, स्वस्थ जोधपुर अभियान से जुड़ना चाहते है तो संपर्क करें : 9649281000