जोधपुर. अभिनेता
सलमान खान के खिलाफ चल रहे अवैध हथियारों के 16 साल पुराने मामले में अदालत ने फैसले की तारीख तय कर दी है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुपमा बिजलानी 25 फरवरी को फैसला सुनाएंगी। फैसला सुनने के लिए सलमान इस दिन अदालत में हाजिर रहेंगे। सलमान पर आरोप है कि उसने 1 व 2 अक्टूबर 1998 को अपने पास अवैध हथियार रखे व इनका इस्तेमाल हिरण शिकार के लिए किया। इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 16 गवाहों के बयान कोर्ट में करवाए गए हैं।
अंतिम बहस के दौरान लोक अभियोजक एनके सांखला का कहना था कि
सलमान खान के पास एक रिवाल्वर एसएंडडब्ल्यू डॉट 32 बोर मेड इन यूएसए व एक डॉट22 राइफल थी। इन हथियारों के लाइसेंस की अवधि 22 सितंबर 1998 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद सलमान ने इन अवधिपार हथियारों को अपने पास रखा व इनका इस्तेमाल हिरणों के शिकार में किया। सरकारी वकील का कहना था कि अभियोजन ने संपूर्ण मामला संदेह से परे साबित कर दिया है, इसलिए सलमान को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई जाए।
सलमान की ओर से अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत व श्रीकांत शिवदे ने इसका विरोध करते हुए कहा कि अनुसंधान में कई खामियां रह गई हैं। अभियोजन मामले को साबित करने में नाकाम रहा है, क्योंकि लाइसेंस 22 दिसंबर 2002 तक नवीनीकृत किया जा चुका था। बहरहाल कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद फैसला 25 फरवरी के लिए सुरक्षित रख लिया है।