जोधपुर.राज्य सरकार ने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के सभी संकायों के करीब 390 शिक्षकों के छठे वेतनमान लागू होने के चार वर्ष बाद एरियर का भुगतान किया है। इसके तहत विवि को सरकार ने 28.69 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि का भुगतान किया है।
जेएनवीयू के सामान्य संकाय व इंजीनियरिंग संकाय के शिक्षकों के लिए 1 जनवरी 2006 से छठे वेतनमान लागू करने की घोषणा की गई थी। सामान्य संकाय के शिक्षकों को 1 अक्टूबर 2009 व इंजीनियरिंग संकाय के शिक्षकों को 1 जून, 2009 से इस वेतनमान के आधार पर भुगतान दिया जाना शुरू हुआ।
सरकार ने इन शिक्षकों को इससे पूर्व का एरियर दो किस्तों में देना तय किया था। इसमें से 60 प्रतिशत राशि की पहली किस्त 31 मार्च 2010 व 40 प्रतिशत की दूसरी किस्त 31 मार्च 2011 को दिए जाने की घोषणा की गई थी। जब सरकार ने भुगतान नहीं किया तो शिक्षकों ने न्यायालय की शरण ली। दूसरी तरफ जेएनवीयू शिक्षक संघ की ओर से भी भुगतान के लिए लगातार मांग की गई।
सिंडीकेट सदस्य डॉ.डीएस खींची ने बताया कि राज्य सरकार ने इन सभी शिक्षकों के एरियर की राशि का भुगतान विवि को भेज दिया है। भेजी गई कुल राशि 28 करोड़ 69 लाख 77 हजार रुपए है। डॉ.खींची ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।