जोधपुर. नाबालिग छात्रा से यौन शोषण के आरोप में सेंट्रल जेल में बंद आसाराम ने रविवार को सीने में दर्द की शिकायत की। इस पर शाम साढ़े पांच बजे पुलिस आसाराम को लेकर मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंची। यहां पहले मेडिसिन के डॉक्टरों ने उनकी जांच की। बाद में सीने में दर्द की शिकायत होने के कारण कॉल पर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ.रोहित माथुर को बुलाया गया।
डॉ.माथुर ने जांच के बाद ईसीजी करवाई, जो नॉर्मल आई। इस पर आसाराम को ट्रोमा सेंटर से ही प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दौरान आसाराम करीब 45 मिनट अस्पताल में रहे। आसाराम को अस्पताल लाने की सूचना मिलने पर कई समर्थक ट्रोमा सेंटर के बाहर जमा हो गए। पुलिस व सुरक्षा गार्डों ने उन्हें नियंत्रित किया। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार आसाराम को ट्राइजेमिनल न्यूरेल्जिया बीमारी के उपचार को लेकर अस्पताल लाया जा चुका है। जिसमें डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी एडवाइज की हुई है।