पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Auditorium, Science City, Sun City, Blue City, Rajasthan, News

50 करोड़ से ऑडिटोरियम बनेगा, साइंस सिटी के लिए 10 करोड़

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर.केंद्रीय संस्कृति मंत्री चंद्रेश कुमारी ने कहा कि जोधपुर में 50 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनेगा। इसके लिए उन्होंने पॉलीटेक्निक कॉलेज में बने साइंस पार्क के निकट ही ऑडिटोरियम बनाने की संभावनाएं तलाशने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। यह बात उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों से कही। उन्होंने ऑडिटोरियम के लिए डीपीआर व कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जेडीए इस ऑडिटोरियम के संचालन का जिम्मा लेगा। इसका निर्माण लगभग पौने दो लाख वर्ग फीट क्षेत्र में होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की घोषणा के अनुसार जोधपुर को ‘साइंस सिटी’ बनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने बजट में 10 करोड़ रुपए की घोषणा की है।
निर्माण के लिए आंगणवा, विवेक विहार तथा पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया गया। शहर की भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए रीजनल साइंस सेंटर का उद्घाटन सितंबर में प्रस्तावित है। इसे ही रीजनल साइंस सिटी में क्रमोन्नत करने या इसके निकट ही ऑडिटोरियम बनाने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।
सात एकड़ भूमि उपलब्ध
बैठक में कलेक्टर गौरव गोयल ने बताया कि पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में सात एकड़ भूमि उपलब्ध है। इसमें ऑडिटोरियम व साइंस सिटी दोनों का निर्माण हो सकता है। इसे दोनों के निर्माण के लिए चयनित किया जाता है तो पार्किग की समस्या नहीं होगी।
बैठक में संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रमोद कुमार जैन ने सुझाव दिया कि साइंस सेंटर तथा ऑडिटोरियम का निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार हों। बैठक में जेडीए चेयरमैन राजेंद्र सोलंकी, जेडीए आयुक्त सार्वजनिक निर्माण, नगर निगम, जलदाय विभाग एवं जोधपुर डिस्कॉम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।