जोधपुर.नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव व अतिरिक्त मुख्य सचिव जीएस संधु के सामने बुधवार को कांग्रेस पार्षदों ने अफसरों पर भ्रष्टाचार पनपाने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि पत्रावलियां बाबुओं के घर पड़ी रहती हैं, कमिश्नर के कमरे में दलाल बैठे रहते हैं। इस पर समूचे सभागार में भारी हंगामा मच गया। नेता प्रतिपक्ष गणेश बिजानी ने तो यहां तक कह दिया कि समूचा सिस्टम ही कोलेप्स हो चुका है।
करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के दौरान महापौर रामेश्वर दाधीच ने भी पार्षदों का साथ देते हुए एक मामले में निर्माण स्वीकृति निरस्त कर जांच करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। पार्षदों का रुख देखकर संधु को यहां तक कहना पड़ गया कि इस मामले में संबंधित अफसर को सस्पेंड करने के ऑर्डर इसी सभा कक्ष में तैयार करो।
मामला पावटा बी रोड पर करीब 16864 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर एक कॉलोनाइजर को निगम द्वारा स्टील्ट के अलावा पांच मंजिल आवासीय निर्माण की इजाजत देने का है। प्रशासन शहरों के संग शिविर के तहत 13 दिसंबर 2012 को महापौर की अध्यक्षता में हुई एम्पावर्ड कमेटी ने इजाजत दी थी।