जोधपुर.मदेरणा कॉलोनी निवासी जशोदा का बाल विवाह निरस्त कराने के लिए मंगलवार को फैमिली कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जुगलकिशोर मीणा के निर्देश पर विभागीय अधिकारी खुर्शीदा खान, प्रचेता उर्मिला जोशी, महिला सुरक्षा केंद्र की सुमन चौहान ने जशोदा को सोमवार को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने महामंदिर थाने के सब इंस्पेक्टर हमजा खां को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ ही जशोदा व उसके घरवालों की सुरक्षा करने के निर्देश दिए।
ससुराल पक्ष के लोगों को भी पाबंद किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मीणा ने बताया कि जशोदा व उसके परिवार ने बाल विवाह निरस्त करवाने का आग्रह किया है। इसको ध्यान में रखते हुए मंगलवार को फैमिली कोर्ट में वाद पेश किया जाएगा। विभाग हर संभव उनकी मदद कर रहा है।
डीबी स्टार ने 11 मई को ‘पढ़ाई छोड़ ससुराल जाने से मना किया पंच-पुलिस राजीनामे का डाल रहे दबाव’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर जशोदा की पीड़ा को उजागर किया था। इसके बाद उपखंड अधिकारी नेहा गिरी व महिला एवं बाल विकास अधिकारियों ने जशोदा के घर जाकर उसकी सुध लेते हुए उसे हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया था। गौरतलब है कि जशोदा को तीन साल पूर्व बाल विवाह हुआ था।
FLASHBACK: 'ससुराल नहीं भेजा तो उसे जबरदस्ती उठा ले जाएंगे', पढ़िए आगे की स्लाइड्स में अब तक की पूरी कहानी....