पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ढाई साल में अवैध तरीके से खड़ी हो गई व्यावसायिक इमारत

ढाई साल में अवैध तरीके से खड़ी हो गई व्यावसायिक इमारत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी राजेंद्र गूंद शनिवार को मनमर्जी से घंटाघर के समीप गांछा बाजार में ढाई साल पहले बनी एक इमारत को सीज करने पहुंच गए। दस्ते के कर्मचारियों ने कुछ दिनों पहले ही लगाए गए शटर के ताले तोड़े आैर खुद के ताले लगा कर सीज होना बता दिया। मौके पर भवन मालिक व उनके समर्थकों ने सीज के आदेश दिखाने को कहा, नहीं दिखाए तो उन्होंने दस्ते के कर्मचारियों को कार्रवाई से रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। अतिक्रमण प्रभारी ने बिना सीईआे या आयुक्त के आदेश के पुलिस में भवन मालिक व समर्थकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया है। इधर कार्यवाहक सीईआे नरेंद्रसिंह चौहान व आयुक्त (शहर) जनार्दन शर्मा ने सीज की कार्रवाई से ही इनकार कर दिया। दोनों ने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।
घंटाघर के पास गांछा बाजार का मामला, दोनों पक्षों में हाथापाई, पुलिस में मुकदमा दर्ज
19 माह पहले डीआे लेटर निकाल सो गए अफसर
19 माह पूर्व 29 मई 2013 को तत्कालीन कार्यवाहक सीईआे आेपी जैन ने डीआे लेटर निकाल कर भवन मालिक को आवासीय भूखंड पर बिना अनुमति कॉमर्शियल निर्माण करने को लेकर चेताया था, लेकिन भवन मालिक ने निर्माण जारी रखा। तब निगम ने यह निर्माण बंद नहीं करवाया। कुछ दिनों पहले ही भवन मालिक ने इमारत के नीचे निर्माणाधीन सात दुकानों पर शटर लगाने का काम शुरू किया था। उसने दुकानों के बाहर चबूतरी का निर्माण भी कर दिया। तब संबंधित वार्ड के सफाई प्रभारी ने हाल में एक दिसंबर को इसकी सूचना डीआे शाखा को भिजवाई थी।
दोनों पक्षों में हाथापाई, पार्षद व पत्रकारों से भी धक्का-मुक्की
अतिक्रमण प्रभारी राजेंद्र गूंद के नेतृत्व में इमारत सीज करने पहुंचे दस्ते के पास कोई ऑर्डर नहीं था। इस पर दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई। इमारत मालिक के पक्ष के लोगों ने गूंद को घेर लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचे पार्षद जयप्रकाश राखेचा व कुछ फोटो जर्नलिस्ट के साथ भी धक्का-मुक्की की। कुछ लोगों ने कार्रवाई का कवरेज कर रहे फोटो जर्नलिस्ट के कैमरे तोड़ने की भी धमकी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला और गूंद को एक जगह बैठाया। समझाइश पर उत्पात मचा रहे लोग शांत हुए।
कार्यवाहक सीईआे बोले- आप ही बता रहे हो मुझे जानकारी नहीं
आयुक्त से मेरी कोई बात नहीं हुई। इमारत सीज के संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। -नरेंद्रसिंह चौहान, कार्यवाहक सीईओ
शहर आयुक्त ने कहा- पुराना मामला है घटना का पता नहीं
मामला पुराना है। मैंने इमारत सीज का कोई आदेश नहीं दिया था। सोमवार को दोनों पक्षों से बात करूंगा। -जनार्दन शर्मा, शहर आयुक्त
...और प्रभारी की सफाई
आयुक्त ने कहा था, कार्रवाई नहीं की तो सस्पेंड कर दूंगा
एक दिन पहले महापौर ने घंटाघर का दौरा किया था, तब भाजपा कार्यकर्ता ने अवैध इमारत की शिकायत की थी। तब आयुक्त शर्मा को मैंने बताया था कि इसका डीआे लेटर भी जारी हो रखा है। उन्होंने तो मुझे कार्रवाई नहीं करने पर सस्पेंड करने की बात भी कही थी। -राजेंद्र गूंद, अतिक्रमण प्रभारी