जोधपुर. रातानाडा थाना क्षेत्र में सेना के जवान की पत्नी से केबीसी एंकर का नाम बताने के एवज में 12 लाख रुपए का इनाम देने के नाम पर 56 हजार रुपए की ठगी कर ली। रातानाडा पुलिस ने बताया कि सेना के जवान राजेश कुमार ने रिपोर्ट दी कि उसकी पत्नी 13 जनवरी को घर में टीवी पर कार्यक्रम देख रही थी।
इस दौरान एक विज्ञापन आया कि केबीसी एंकर का नाम बताने वाले को लक्की ड्रॉ के माध्यम से लाखों रुपए के बंपर इनाम दिए जाएंगे। उसने मोबाइल से उस विज्ञापन में बताए गए नंबरों पर कॉल किया। रणवीर पॉल नाम के शख्स ने फोन उठाया और कहा कि आपने सही जवाब दिया है। इस पर आपको 12 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। यह भी कहा कि इनामी राशि लेने से सर्विस टैक्स जमा कराना पड़ेगा।
रणवीर ने एक खाता नंबर दिए और कहा 10 हजार रुपए जमा करवा दो। ये रुपए जमा करवाने के बाद उन्होंने फिर कहा कि 23 हजार रुपए और जमा कराने होंगे। इस तरह 12 लाख रुपए लेने के चक्कर में उन्होंने करीब 56 हजार रुपए अपने खाते में जमा करवा लिए। इसके बाद फोन बंद कर लिया। पुलिस ने बताया कि फोन बंद होने के बाद इन्हें ठगी का अंदेशा हुआ। पुलिस मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर रही है।