जोधपुर.नगर निगम में पत्रावलियों के गायब होने की सूचना के बाद जेडीए भी पत्रावलियों को लेकर गंभीर नजर आया। जेडीए आयुक्त शफी मोहम्मद कुरैशी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को हिदायत दी है कि पत्रावलियों को सुव्यवस्थित रखें। यह रिकॉर्ड नष्ट नहीं होना चाहिए।
कुरैशी ने मंगलवार को इस संबंध में आयोजित बैठक में कहा कि पत्रावलियों में अवलोकन या आदेशार्थ लिखकर उनके समक्ष पेश नहीं करें। पत्रावलियों में प्रस्तावित प्रपोजल से संबंधित पूरी रिपोर्ट व तथ्य अंकित करें। पत्रावली का पेजिनेशन करें और ध्यान रहे कि फटी-कटी पत्रावलियों के कारण अहम रिकार्ड नष्ट नहीं हो पाए। आयुक्त ने हिदायत दी कि जेडीए की पत्रावलियों व महत्वपूर्ण अभिलेख कंप्यूटराइज्ड होने चाहिए।
वेबसाइट अपडेट रखने की हिदायत :
कुरैशी ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि जेडीए के बढ़ते दायरे, करोड़ों की लागत से होने वाले विकास कार्य व महत्वपूर्ण आवासीय योजनाओं की जानकारी वेबसाइट पर अपडेट रखें। इसके अलावा टेंडर की सूचना, जेडीए के क्रियाकलापों व महत्वपूर्ण परिपत्रों की जानकारी भी अपडेट होनी चाहिए।
चेयरमैन व आयुक्त ने सुनी जन समस्याएं :
जेडीए चेयरमैन राजेंद्रसिंह सोलंकी व आयुक्त कुरैशी ने मंगलवार दोपहर झोपड़े में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मौजूद सचिव राजेश कुमार चौहान, डिप्टी सेक्रेटरी शैलेंद्र देवड़ा सहित उपायुक्तों ने भी चेयरमैन के निर्देश पर कुछ फरियादियों को हाथोहाथ राहत पहुंचाई।