पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. सिविल एयरपोर्ट विस्तार के लिए एयरफोर्स के 37 एकड़ जमीन देने की सहमति के बाद अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) का कहना है कि यह जमीन विस्तार के लिए काफी कम है। जोधपुर एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बुधवार को केंद्रीय संस्कृति मंत्री चंद्रेश कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह मुद्दा उठा। एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक ओपी शर्मा ने बताया कि इस जमीन पर विस्तार में दिक्कत आएगी। इस पर संस्कृति मंत्री ने दिल्ली में रक्षा मंत्री से बातचीत करने का भरोसा दिलाया। इधर, कलेक्टर गौरव गौयल ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए एएआई ने 80 एकड़ जमीन मांगी थी, लेकिन एयरफोर्स ने 37 एकड़ जमीन देने पर सहमति दे दी है। अब एएआई ज्यादा जमीन मांग रहा है, इसके लिए उनसे पुन: प्रस्ताव लेकर राज्य सरकार के स्तर पर मीटिंग कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
एएआई इसलिए बता रहा अपर्याप्त जमीन
समिति की बैठक में कार्यवाहक निदेशक शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए एएआई ने एयरफोर्स से कुल 80 एकड़ जमीन मांगी थी, लेकिन दिल्ली में रक्षा मंत्री स्तर पर बैठक के बाद 37 एकड़ जमीन देने का निर्णय किया गया। यह जमीन भविष्य की आवश्यकताओं व विस्तार के मद्देनजर काफी कम है। इस पर संस्कृति मंत्री ने कहा कि वे रक्षा मंत्री से ज्यादा जमीन देने पर पुनर्विचार करने का आग्रह करेंगी।
फिलहाल नई फ्लाइट्स नहीं
बैठक में संस्कृति मंत्री ने जेट एयरवेज व एयर इंडिया से जोधपुर से नई उड़ाने शुरू करने का आग्रह किया। इस पर एयर इंडिया के एयरपोर्ट प्रबंधक अनिल विजयन ने कहा कि आगामी गर्मी तक कंपनी का नई फ्लाइट शुरू करने को कोई प्रस्ताव नहीं है। इस पर संस्कृति मंत्री ने कहा कि जयपुर व उदयपुर की उड़ाने क्यों बंद की गई ? विजयन ने बताया कि पैसेंजर कम होने के कारण उदयपुर की उड़ान बंद की गई। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि बजट फ्लाइट शुरू करने के लिए एयरलाइंस कंपनियों को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन गर्मी तक भी किसी ने फ्लाइट चलाने पर सहमति नहीं दी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.