पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

साइकिल सवार को लूटने के लिए टक्कर मारी भीड़ देख बाइक छोड़ भागे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. बासनी थाना क्षेत्र में डीजल शेड रोड पर मंगलवार रात करीब 9:30 बजे साइकिल पर जा रहे एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी को पीछे से मोटरसाइकिल पर दो बदमाशों ने टक्कर मारकर गिरा दिया। इससे पहले कि वह संभलता, उसका मोबाइल लूट लिया। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों को अपनी अोर आता देख दोनों बदमाश हड़बड़ाहट में बाइक पर वहीं छोड़ भागे। कुछ देर बाद वापस मोटरसाइकिल लेने आए, तो लोगों ने उन्हें पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। वारदात आडा बाजार निवासी चंपालाल पुत्र जावतराम सेवक (52) के साथ हुई। वे बासनी ट्रांसपोर्ट नगर मदन ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बासनी पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है।
पहले पता पूछा, नहीं रुके तो टक्कर मारी
जावतराम ने रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात साइकिल पर घर जाते समय डीजल शेड रोड पर बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और पता पूछने के बहाने रूकने का इशारा किया। दोनों पर शक होने पर वे आगे बढ़ गए, तो बदमाशों ने उनकी साइकिल को टक्कर मार गिरा दिया। बाद में दोनों ने उनका मोबाइल छीन लिया और जेब से रुपए लूटने की कोशिश करने लगे। तभी शोर मचाने पर अन्य राहगीर बचाने दौड़े, तो बदमाश अपनी मोटरसाइकिल छोड़ भाग गए। कुछ घंटों बाद बदमाश मोटरसाइकिल लेने आए, तो लोगों ने उन्हें पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रातानाडा शिव मंदिर रोड निवासी महेंद्र पुत्र गंगाराम पंडित व भगत की कोठी गली नंबर 4 निवासी देवकिशन पुत्र वीरूमल बताया। पुलिस ने बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ज्वैलर को लिफ्ट देकर लूटने का आरोपी गिरफ्तार
बनाड़ थाना क्षेत्र के दईका निवासी एक ज्वैलर को रविवार को लिफ्ट के देकर लूटने के आरोपी को बनाड़ पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ज्वैलर को घोड़ाें का चौक क्षेत्र से लिफ्ट देकर अपनी बाइक पर बिठाया था और बाद में खोखरिया गांव के एक सूने मकान में ले जाकर करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गया था। बनाड़ पुलिस थानाधिकारी हनुमान सिंह ने बताया कि दईका निवासी पारसमल पुत्र घेवरचंद सुनार (65) ने रविवार को रिपोर्ट दी कि घोड़ाचौक में एक ज्वैलर की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण खरीदकर वापस गांव लौट रहा था। तभी एक बाइक सवार आया और पावटा तक लिफ्ट देने की बात कहकर पीछे बिठा लिया।
पावटा से उसने कल्याणसिंह जी की प्याऊ तक छोड़ने की बात कही और वहां पहुंच घर तक छोड़ने का झांसा देकर आगे ले गया। बाद में खोखरिया गांव में एक सूने मकान में ले जाकर मारपीट की और आठ तौला सोने व चांदी के आभूषण लूट ले गया। जांच टीम ने घोड़ाें का चौक में दुकानदारों से पूछताछ के आधार पर बुधवार को खांगटा निवासी दीपक सोनी पुत्र अमरचंद सोनी गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया।
फोटो- आरोपी।