जोधपुर. महापौर घनश्याम ओझा ने शुक्रवार को एयरपोर्ट एरिया, घंटाघर मार्केट व गुलाब सागर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अफसरों को जेडीए से सहयोग लेकर एयरपोर्ट रोड पर सीवरेज की समस्या जल्द हल करने के निर्देश दिए। घंटाघर व गुलाब सागर में भी सफाई व्यवस्था सुचारू करने को कहा। गौरतलब है कि गुरुवार को संभागीय आयुक्त व जेडीए अध्यक्ष हेमंत गेरा ने इसके अधूरे काम को जल्द पूरा करने की हिदायत दी थी।
शुक्रवार को नगर निगम अफसरों के साथ महापौर ओझा सुबह एयरपोर्ट के बाहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंदगी से अटे पड़े नाले के कारण क्षेत्र में फैल रही अव्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से चर्चा की और जेडीए के अधिकारियों के साथ मिलकर इस समस्या का हल करने को कहा।
शाम को महापौर ने घंटाघर मार्केट में सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं देखी। साथ ही गुलाब सागर व बच्चा जलाशय का भी निरीक्षण कर इससे जुड़ी नहरों की सफाई के लिए प्लान बनाने को कहा। महापौर के निर्देश पर मसूरिया में बाबा रामदेव मंदिर मार्ग पर शुक्रवार को सफाई अभियान शुरू किया गया।
देवस्थान विभाग के जर्जर भवन का होगा जीर्णोद्धार- महापौर ने घंटाघर पुरानी धान मंडी में निरीक्षण के दौरान वहां देवस्थान विभाग के जर्जर भवन को देखा। इस पर उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग से भवन के बारे में बात कर सैलानियों की सुविधा के लिए इसे हैरिटेज बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा।