जोधपुर.डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के नए शैक्षणिक सत्र में सौ सीटें बढ़ाने की तैयारी चल रही है। संभवतया 2013-14 के सत्र से ही यहां 150 की जगह 250 स्टूडेंट्स को प्रवेश मिलेगा। जोधपुर के अलावा प्रदेश के अन्य पांचों सरकारी मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस की सीटें बढ़ाई जाएंगी। कुल छह कॉलेजों में 450 सीटें बढ़ाने की योजना है। इसके लिए सरकार के निर्देश पर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने लगभग पूरी तैयारी कर ली है।
एमसीआई में आवेदन के बाद सामने आई कमियों को दूर करने का काम चल रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने एमसीआई को कंप्लाइंस रिपोर्ट 6 मई को भेज दी है। प्राचार्य डॉ.अरविंद माथुर के अनुसार एमसीआई से हरी झंडी मिलने के बाद संभवतया नए सत्र से ही सीटें बढ़ जाएंगी। 250 सीटों के लिए एमसीआई ने मोटे तौर पर लाइब्रेरी परिसर को छोटा बताया है। कॉलेज में 250 छात्रों का बैच होने से हर समय कम से कम 500 से अधिक छात्र होंगे।