जयपुर में आयोजित डीएसओ की बैठक में विभाग ने अपने स्तर पर कार्ड तैयार करने का लिया निर्णय।
जोधपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने डिजिटल राशन कार्ड में रही गलतियों को अपने स्तर पर सुधारने का निर्णय लिया है। बुधवार को जयपुर में आयोजित सभी जिलों के डीएसओ की बैठक में यह काम ई मित्र व एनआईसी को दिया जाना तय हुआ। वहीं खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित लोगों के वेरिफिकेशन के लिए शहरी क्षेत्र में डीएसओ व ग्रामीण क्षेत्र में बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 76 फीसदी कार्ड बने, आधे में गलतियां
जोधपुर जिले में करीब 10 लाख कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया। सरकार ने डिजिटल कार्ड तैयार करने का काम वर्ष 2012 में गुजरात इन्फोटेक लिमिटेड कंपनी को दिया। लक्ष्य के मुताबिक कार्ड एक साल में तैयार कर देने थे, लेकिन इस काम में बहुत देरी हुई। अभी तक 76 प्रतिशत कार्ड बने, उसमें भी 50 प्रतिशत कार्डों में गलतियों की शिकायत सामने आई हैं।
कार्डों में संशोधन के साथ दूसरे कार्य भी होंगे
जिला रसद अधिकारी (ग्रामीण) सुरेश पुरोहित ने बताया कि ई मित्र व एनआईसी पर राशन कार्ड संबंधी सतत प्रक्रिया जिसमें त्रुटिपूर्ण कार्ड सुधारने के साथ कार्ड से नाम हटाने व जोड़ने के साथ उपभोक्ता के बदलने वाले एड्रेस को भी नियमानुसार पूर्ण करने के काम होंगे। इसके साथ खाद्य सुरक्षा योजना में चयनितों की जांच करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।