जोधपुर. राजस्थान के निर्यातक लेखराज माहेश्वरी को एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ हैंडीक्राफ्ट (ईपीसीएच) का नया चेयरमैन चुना गया है। वे मूलतया बाड़मेर में गडरा रोड के रहने वाले हैं। टेक्सटाइल हैंडीक्राफ्ट से जुड़े माहेश्वरी ने बाड़मेर में टेक्सटाइल एक्सपोर्ट का कार्य शुरू किया था। सोमवार को ईपीसीएच की कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की बैठक में उन्हें चेयरमैन चुना गया।
बैठक में मुरादाबाद के अब्दुल अजीम को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। लेखराज माहेश्वरी ने बताया कि वे ईपीसीएच से शुरुआती दौर से जुड़े हुए हैं। ईपीसीएच का गठन 1986 में हुआ था, तब इसके सिर्फ 300 सदस्य थे। अब देश भर में ईपीसीएच से सात हजार से ज्यादा निर्यातक जुड़े हुए हैं। अब तक बने चेयरमैन में ज्यादातर मुरादाबाद या दिल्ली से थे।
राजस्थान से माहेश्वरी से पहले नवरतन समदड़िया ईपीसीएच अध्यक्ष रहे। माहेश्वरी ने बताया कि जयपुर में हैंडीक्राफ्ट प्रॉडक्टिविटी सेंटर व जोधपुर के मेगा क्लस्टर के कार्य को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे जोधपुर की तरह बाड़मेर और जयपुर में भी मेगा क्लस्टर की मांग उठाएंगे।