पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल में प्रशासनिक लापरवाही की वजह से डिजिटल एक्सरे सुविधा शुरू नहीं हो पा रही है। करीब ढाई माह पहले जब एक्स-रे सुविधा बंद हुई थी, उस समय मशीन के साथ लगे यूपीएस का खराब होना बताया गया। लंबे इंतजार के बाद यूपीएस आया तो नया कमरा तैयार करने की बात कही गई। अब कमरा व मशीन दोनों तैयार है तो कहा जा रहा है कि कमरे में एसी लगना बाकी है।
इस दौरान हर दिन करीब 150 से ज्यादा मरीजों को बाहर से डिजिटल एक्सरे करवाना पड़ रहा है, जबकि एमडीएम अस्पताल में निशुल्क जांच योजना के तहत यह सुविधा पूरी तरह से निशुल्क है।
एमजीएच में फिल्म नहीं होने से एक्सरे ठप
महात्मा गांधी अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन की फिल्म की सप्लाई नहीं होने से सोमवार को यह सुविधा ठप हो गई। सोमवार को दोनों बड़े अस्पतालों में डिजिटल एक्सरे नहीं होने से वहां आने वाले रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एमजीएच के अधीक्षक डॉ.पीसी व्यास ने बताया कि मंगलवार को एक्सरे फिल्म की सप्लाई आ जाएगी, तब यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
दो दिन में शुरू हो जाएगी मशीन
इस मामले में एमडीएमएच प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं। मशीन शिफ्ट करने के लिए इंजीनियर्स को बुला लिया गया है। अगले दो दिन में मशीन शिफ्ट कर अस्पताल में डिजिटल एक्सरे की सुविधा फिर शुरू कर दी जाएगी।
-डॉ.कमलकांत, प्राचार्य, डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज
मशीन खराब होने के बाद से गिना रहे हैं नए-नए कारण
मशीन खराब हैत्न एमडीएमएच में करीब ढाई माह पूर्व डिजिटल एक्सरे की सुविधा बंद हो गई थी। तत्कालीन अधीक्षक डॉ.दिलीप कच्छवाह ने बताया कि मशीन खराब हो गई है। इंजीनियर्स को बुलाया गया है, शीघ्र ही मशीन शुरू हो जाएगी।
यूपीएस खराब
रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ.एएल चौहान ने बताया कि डिजिटल एक्सरे मशीन का यूपीएस खराब हो गया है, जिसका ऑर्डर दे दिया गया है। शीघ्र यूपीएस आ जाएगा और मशीन को शुरू कर दिया जाएगा।
इंजीनियर बुला रहे हैं
कई दिन तक तो यूपीएस ही नहीं खरीदा, फिर खरीदा तो तत्कालीन अधीक्षक डॉ.कच्छवाह ने कहा कि कंपनी के इंजीनियर को बुलाया गया है, वे इंस्टॉल करेंगे।
फिर कहा कमरा शिफ्ट कर रहे हैं
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ.चौहान ने कहा कि इसके लिए अलग से कमरा तैयार किया जा रहा है। सुविधा अभी शुरू कर दी तो शिफ्ट करने पर इसे फिर से बंद करना पड़ेगा।
अब एसी लगने का इंतजार
नया कक्ष तैयार है और उसमें लाइट का कार्य भी पूरा कर दिया गया है। इस कक्ष के लिए एयर कंडिशनर खरीदा हुआ पड़ा है। अब एसी लगाने के पीछे मशीन शिफ्ट करने का काम रुका हुआ है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.