जोधपुर. रेजिडेंसी रोड स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी प्रथम में शुक्रवार दोपहर स्टोर रूम की छत का प्लास्टर गिर गया। हालांकि इस दौरान वहां बैठने वाले मेल नर्स रूम में मौजूद नहीं थे। मेल नर्स महावीरसिंह चारण ने बताया कि वे शुक्रवार शाम को डिस्पेंसरी आए तो स्टोर रूम की छत का प्लास्टर कुर्सी पर गिरा हुआ था। उस दौरान वे वहां होते तो उन्हें गंभीर चोटें आ सकती थीं। उन्होंने बताया कि डिस्पेंसरी भवन जर्जर हालत में है। बारिश के बाद छतों का प्लास्टर गिर रहा है।
भवन की मरम्मत की आवश्यकता है। डिस्पेंसरी की चारदीवारी टूटी हुई है, जिससे पशु घुस आते हैं। परिसर में झाड़ियां भी उगी हुई हैं। ऐसे में रात के समय जहरीले जीव-जंतुओं का डर रहता है। डिस्पेंसरी में तीन नर्सिंग स्टाफ व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के परिवार रहते हैं।